प्रचार खिडकी

शुक्रवार, 24 जून 2011

कुछ टूटे-फ़ूटे बिखरे आखर





जडों से कटकर , जिंदगी ,कुछ ऐसी उलझी शाखों में ,
खूब हंसे उजालों में , और जी भर के रोए रातों में ...



उदासियों को लपेट के , इन पनियाली आंखों से ,
अक्सर कई शामें गुज़ारा करते हैं .....
हमें यकीं है उनकी मौत का , फ़िर भी,
वहीं जाकर , उन्हें रोज़ पुकारा करते हैं ....



आज उन दोस्तों से इक बात तो कह दूं , 
जो उठते हैं जब छतों पर अपने,
         तो सामने हरा खेत दिखता है 
तो देख लो और जुरा लो ,

अपनी आंखें मन भर , 
एक बार निकले तो फ़िर ,

मरूस्थल का बस रेत दिखता है ...



पुरवाइयों को झोंका , अब छत पे मेरी नहीं आता , 
बस लोगों को गुमा है , मैं हाकिम बडा हूं ........



ये आंसू , मेरे मुखौटे का रकीब क्यों है ,
बस ज़रा दूर होतीं ,आखें ,दिल के करीब क्यों है



अक्सर इन हालातों में खुद ही खुद को सताता हूं मैं ,
एक हाथों से लिखता हूं , दूसरे से मिटाता हूं मैं ..


थाम के सिरा यादों का अपनी, दीवारों से लिपट के रोया वो ,
किसी शाम का किस्सा यूं गुजरा , पहले रोया , फ़िर सोया वो



बहुत लंबी फ़ेहरिस्त है ,
जिंदगी के इम्तहानों की ,
आदमी जीता है बहुत है मगर ,
जिंदगी छोटी है इंसानों की ,
इस पत्थर के जंगलों में 
यूं तो बस्तियां ही बस्तियां हैं , 
जहां प्यार मिलता था ,
ताले जडे हैं दरवाज़ों पे ,
खिडकियां बंद है उन मकानों की ..


 कतरा कतरा ,ज़िंदगी ,पिघलती रही,
बिना रुके , बिना थके ,बस यूं ही चलती रही ,
धुंआं देखा तो लोगों ने अंदाज़ा लगाया ,
कभी वो जलता रहा , कभी जिंदगी जलती रही

सोमवार, 6 जून 2011

पिटा तेरा जनार्दन , पीटने वाल जनता जनार्दन है ...











जनता जनार्दन है ,हर वक्त रहती है इम्तहानों में ,
संसद में लुटता है लोकतंत्र , और पिटता है मैदानों में ..

वो जो रातों को खुद चुपके से करते हैं प्रहार ,
उन्हें दिन के उजाले में रक्षक कैसे मान लें यार ..

सत्ता में बैठे , हुक्मरानों से कह दो ये खुलेआम ,
हमेशा भारी पडता है बस आदमी एक आम .....


कब तलक चला सकोगे यूं , ये दौर बेहयाई का ,
अब तो वक्त भी आ गया , तुम्हारी जूतों से पिटाई का ..


अन्ना , बाबा , जनता ने रूप अब कई लिए हैं धर ,
सोच लो क्या हो जो हर एक अपनी पे आया उतर ....


दबाओ , झुकाओ , उठाओ , कर के देख लो अपनी हर तरकीब ,
अब जनता तैयार है ,खुद ,लिखने को सत्ता का नसीब ...........


अब हर मिनट , है क्रांति , हर दिन एक आंदोलन है ....
पिटा तेरा जनार्दन , पीटने वाल जनता जनार्दन है ...


गुरुवार, 2 जून 2011

हर बार ये हादसा टल जाता है ......बिखरे आखर



चित्र , गूगल से साभार 




होते होते इश्क ये बस रह जाता है ,
हर बार ये हादसा टल जाता है ,
हम रूमानी होते हैं रुत देख के, 
मौसम , बिन बताए ही बदल जाता है ....


यूं तो रूठने मनाने का है अपना मजा ,
कौन कब रूठे कब माने , किसको पता, 
मेहबूबा का दिल है तो ऐसा ही होगा , 
पल में माना , फ़िर पल में ही मचल जाता है ......


हां , मौका देती है जिंदगी , सबको एक बार , 
उसके ईशारे को फ़िर भी, जो समझ न सके ,
उसकी तकदीर फ़िर दफ़न हो कर रहे, 
जो समझा ईशारा , तो संभल जाता है ........


ख्वाहिशों के भी रंग हैं कितने हज़ार, 
आंखें जितनी सपने भी उतने , बस ,
किसी को चांद चूमने का चाहत , और,
किसी का मन, कंकड से ही बहल जाता है ...


कोशिश हर बार करता हूं , नई नई , 
जाने कितने ही नुस्खे आजमाता हूं ,
जितना ही फ़ूंक के करता हूं ठंडा ,
कलेजा, उतना अक्सर उबल जाता है .....



मेरी बांहो को रही है तलाश हमेशा ही ,
कुछ दोस्तों का साथ भी मैंने खोया-पाया,
मुझे छोडते नहीं हैं ,यार मेरे ,अकेला कभी,
कोई न कोई तो साथ टहल जाता है ....




शनिवार, 21 मई 2011

सामने रख कर आईना , किताब लिखने बैठा हूं मैं ......




कवि जी पुराने ही हैं ..



बारूद की स्याही से , नया इंकलाब लिखने बैठा हूं मैं , 
सियासतदानों , तुम्हारा ही तो हिसाब लिखने बैठा हूं मैं 


बहुत लिख लिया , शब्दों को सुंदर बना बना के , 
कसम से तुम्हारे लिए तो बहुत , खराब लिखने बैठा हूं मैं 


टलता ही रहा है अब तक , आमना सामना हमारा ,
लेके सवालों की तुम्हारी सूची, जवाब लिखने बैठा हूं मैं 


सपने देखूं , फ़िर साकार करूं उसे , इतनी फ़ुर्सत कहां ,
खुली आंखों से ही इक , ख्वाब लिखने बैठा हूं मैं ......


मुझे पता था कि बेईमानी कर ही बैठूंगा मैं ,अकेले में,
सामने रख कर आईना , किताब लिखने बैठा हूं मैं ...


जबसे सुना है कि उन्हें फ़ूलों से मुहब्बत है , 
खत के कोने पे रख के ,गुलाब , लिखने बैठा हूं मैं 



शुक्रवार, 20 मई 2011

अब, खतों का मेरे , कोई जवाब नहीं देता.....


कवि जी , इन कविताई पोज़



हां ,बदल ही गया होगा दस्तूर जमाने का ,
अब ,खतों का मेरे , कोई जवाब नहीं देता ॥


सयाने हुए हैं सारे , अब जरूरत नहीं होती,
यही वजह है कि , तोहफ़े मे अब कोई किताब नहीं देता ॥


अब कहां , कशिश बची है मोहब्बत की ,
किताबों में रखने को , कोई अब गुलाब नहीं देता ॥


दूसरों की खामियां देखते , उम्र गुजर जाती है ,
अपने गुनाहों का , खुद कोई क्यों हिसाब नहीं देता ॥


दुश्मन ही है वो , कैसी पडोसी मान लें ,
जो होता पडोसी , तो हर साल एक नया "कसाब " नहीं देता ॥


हर कोई दिखाता है रुतबा अपनी पहचान और ओहदे का
 सच्चा और ईमानदार ही बस , अपना रुआब नहीं देता ॥


मंगलवार, 17 मई 2011

सॉरी ! नो क्वेश्चन ऑफ़ इकोनोमिक्स प्लीज़


पापा जी इकोनोमिक्स वाले






खबरी लाल : पीएम साहब ! पेट्रोल की कीमत फ़िर बढा दी है सरकार ने , क्या आपको अब भी नहीं लगता कि महंगाई आसमान छू रही है । जनता त्रस्त से पस्त वाली स्थिति की ओर अग्रस है और आप शाश्वत रूप से मस्त वाली कटेगरी में फ़िट हो गए हैं ..इस बार पेट्रोल की कीमत आपने पांच रुपए बढा दी , सर जी ..पिछले कुछ महीनों में आपने छब्बीस रुपए तक बढा दिया है ..आपको पता है ..

पापा जी इकोनोमिक्स वाले : सॉरी ! नो क्वेश्चन ऑफ़ इकोनोमिक्स प्लीज़
खबरी लाल : अच्छा सर , किसानों की समस्या तो सुना है कि आप तक पहुंच गई , जी..नहीं नहीं सर किसान की समस्या ..कसाब की समस्या नहीं ..किसान की समस्या ..देश के किसान की समस्या तो आप तक पहुंच गई है न ..जी हां हां कसाब को तो आपकी सरकार समस्या मानती ही नहीं है ..सर अभी भट्टा परसौल में ..इतने किसानों की जानें चली गई ...बाबा ......नहीं सर ..बाबा से मेरा तात्पर्य बाबा रामदेव नहीं है ...सर बाबा बोले तो राहुल बाबा ..तो खुद फ़टाक से फ़टफ़टिया पर लिफ़्ट लेकर पहुंच गए ..भट्टा में बहिन जी का भट्टा बैठाने के लिए किंतु बहिन जी दन्न से बरेली का बांस कर दिया ..बाबा निकल लिए .तो सर आपको पता है कि किसानों के मरने का आंकडा हर साल उन्नीस प्रतिशत बढ

पापा जी इकोनिमिक्स वाले : सॉरी ! नो क्वेश्चन ऑफ़ इकोनोमिक्स प्लीज़

खबरी लाल : लानत है , अब इसमें भी इकोनोमिक्स ही था ..अच्छा चलिए इसको भी जाने दीजीए ..सर राष्ट्रमंडल  खेल को अब लोग भ्रष्टमंडल खेल कहने लगे हैं ..सर उसमें तो सुना है कि कलमाडी जी ने उतना कमा लिया जितना कि ललित मोदी भी न कमा सके थे ..क्रिकेट प्लेयर्स को चीयर लीडर्स में बदल कर ...आखिर सच क्या है सर ..सुना है कि कलमाडी का काला मुंह जनता के सामने सिर्फ़ इस लिए आ गया क्योंकि उन्होंने किसी के साथ मुंह काला नहीं किया और खुद ही सारी रकम डकार ली ..सर सुप्रीम कोर्ट तक इतने  जारे जीरो एक ही नीरो के कब्जे में देख कर चकित हो गई ..तो सर उस घोटाले में तो अलग अलग सैक्शन बनाए जा सकते हैं ...एक में नौ सौ करोड ......दूसरे मे पांच हजार करोड ..सर सर ..

पापा जी इकोनिमिक्स वाले : सॉरी ! नो क्वेश्चन ऑफ़ इकोनोमिक्स प्लीज़

खबरी लाल :आयं , ये भी इकोनोमिक्स से ही रिलेटेड था सर ...अच्छा सर चलिए इन सबसे दूर हट कर कोई अलग सवाल लेते हैं ....सर कहा जा रहा है ..आपकी पार्टी के युवराज   बहुत ज्यादा एज़ के हो रहे हैं ..शादी वैगेरह का कोई चक्कर ही नहीं चल रहा है ..अब देश भी एक युवराज का शाही शादी देखने के लिए बेताब है सर ...उनकी उम्र भी तो अब हो गई है .,.....

पापा जी इकोनिमिक्स वाले : सॉरी ! नो क्वेश्चन ऑफ़ इकोनोमिक्स प्लीज़ ..

खबरी लाल : सत्यानाश , सब कुछ इकोनोमिक्स ही है ..ओह अब तो कुछ पूछते भी डर लगता है ..अच्छा सर आप अपने पीएम बनने के सफ़र को कैसे देखते हैं ...हे भगवान अब इसमें भी इकोनोमिक्स न निकल जाए

पापा जी इकोनिमिक्स वाले : हे हे हे हे ..फ़ायनली यू आस्कड मी ए माई लाईक क्वेश्चन ....सी मैडम के त्याग के बारे में ..आई नैवर फ़ील सॉरी ...एक्चुअली ..

खबरी लाल : ....बस बस बस बस ..सर टाईम खत्म ..बीच में ..ये तो बडा टोइंग है .....के विज्ञापन भी आने हैं ....


रविवार, 8 मई 2011

जिसे किसी ने कभी मां न कहा ........रद्दी की टोकरी से





तू खुद ही उजाड ले , कायनात अपनी ओ खुदा ,
खुद इंसान भी तो है , इसी ज़िद पर तुला ....


हवा बदली ,फ़िज़ा बदली , यूं तो मुहब्बत भी रोज बदलती रही ,
बस न बदला तो वो समाज जो हमेशा बेवफ़ा ही रहा .......


आजा माता का दिन है , तो है संतान का भी , पर ,
कोई ऐसा भी है जिसे किसी ने कभी मां न कहा ........


ये जरूरी नहीं कि आग मजबूत हो , दे जला दे पूरा ,
बस जलनी और जलती रहनी है जरूरी , तू जला , तू जला


दस्तूर कब और ये जाने क्योंकर बना ,अजनबी नहीं ,
सबको हर बार किसी दोस्त ने ही दी  है   दगा


मौत देते हो खुद तुम हाथों से अपने ..
कभी मिठाई तो कभी कह के दवा


अन्याय के साथ ही चलता न्याय का सिलसिला ,
कब हो फ़ैसला , बस ये नहीं हो रहा फ़ैसला .....


कौन कहता है मुझसे तेरा दिल न मिला , न तू खुद तो नहीं ,
है जिसको ये शक , बस इक बार गले से लगा ले ज़रा ....



मुझे शायरी नहीं आती , गज़ल का मतलब मुझे पता ही नहीं , मितले और मिसरे का समझ का तो सवाल ही नहीं , ..बस दिल जो लिखाता है..वो यहां आ जाता है ...मिलता हूं ..अगली पोस्ट के साथ
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...